एसपी सिंह / ज्ञान प्रकाश मिश्रा
करनैलगंज(गोंडा)। कोरोना के पॉजिटिव मरीजों की देखभाल की जिम्मेदारी निभा रहे दो चिकित्सकों ने कोरोना पॉजिटिव मिले मरीजों को फल, बिस्किट, नमकीन का निशुल्क वितरण किया।
करनैलगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. अश्वनी कुमार गुप्ता एवं डॉ. सीडी सिंह ने करनैलगंज नगर के सकरौरा पूर्वी मोहल्ले में कोरोना के पॉजिटिव मरीजों को खानपान की वस्तुएं निशुल्क उपलब्ध कराई।
यह दोनों चिकित्सक लगातार कोविड-19 से पीड़ित मरीजों की देखभाल के साथ उनके उपचार की व्यवस्था करने की ड्यूटी निभा रहे हैं। दोनों चिकित्सकों ने अपने निजी पैसे से करीब आधा दर्जन कोरोना के पॉजिटिव मरीजों को फल, बिस्किट, नमकीन मुहैया कराया। चिकित्सक डॉ. अश्वनी गुप्ता ने बताया कि पॉजिटिव पाए गए लोग दैनिक मजदूरी करके अपना जीवन यापन करते थे और उनके पॉजिटिव होने के बाद उनके घर की अर्थव्यवस्था पूरी तरीके से चरमरा गई। ऐसी स्थिति में उन्हें खानपान की वस्तुओं को उपलब्ध कराया गया है।