घरों में स्थापित होंगी कुंभ हरिद्वार की गंगाजली
एन.के.मिश्रा
लखीमपुर खीरी। गायत्री शक्तिपीठ लखीमपुर खीरी के तत्वावधान में नगर के मोहल्ला रामनगर कॉलोनी में चल रही पांच दिवसीय श्रीमद् पावन प्रज्ञा पुराण कथा का कार्यक्रम गुरुवार को दीपयज्ञ के साथ संपन्न हुआ। मीडिया प्रभारी अनुराग मौर्य ने बताया पावन प्रज्ञा पुराण कथा कार्यक्रम का संचालन गायत्री परिवार के जिला समन्वयक टोली नायक रामखेलावन निषाद, सह टोली नायक संतराम निषाद, संगीतकार अमरीश वर्मा, अजय वर्मा, सुरेंद्र वर्मा, व अंकित कुमार की टोली के द्वारा संपन्न किया गया। कथा में वर्तमान समय की व्यक्तिगत, पारिवारिक, सामाजिक व देश विश्व की समस्याओं के युगऋषि प्रणीत युगानुकूल समाधान सुझाए गए।
कथाव्यास रामखेलावन निषाद ने बताया भारतीय संस्कृति को बचाने के लिए इसके मूल चार स्तंभ गायत्री, गंगा, गीता, और गाय को हमें अपने जीवन में समाविष्ट करना होगा। इस दौरान लोगों को शांतिकुंज हरिद्वार द्वारा कुंभ महापर्व पर चलाए जा रहे ‘आपके द्वार-पहुंचा हरिद्वार’ अभियान से अवगत कराकर घरों में हरिद्वार कुंभ गंगाजली स्थापना हेतु प्रेरित किया गया। इस दौरान आयोजन मंडल के आशुतोष सक्सेना, किरण सक्सेना, सुनील सक्सेना, ओम प्रकाश वर्मा, मीनाक्षी श्रीवास्तव, पुष्पलता आदि उपस्थित रहे।