जिम्मेदार अधिकारी, कर्मचारी मूकदर्शक लोगों में आक्रोश
एसपी सिंह / ज्ञान प्रकाश मिश्रा
गोण्डा । क्षेत्र में बढ़ते तापमान व तेज धूप से जहां लोगों का हाल बेहाल है। वहीं कस्बा कर्नलगंज वासियों एवं राहगीरों को प्यास बुझाने के लिए जल निगम विभाग का लगा इण्डिया मार्का हैण्ड पम्प पानी की जगह कचरा उगल रहा नगर पालिका परिषद के जिम्मेदार अधिकारी द्वारा दो माह से ऊपर बीत जाने के बावजूद ठीक कराने की जहमत न उठाकर सरकार के स्वच्छ जल व्यवस्था के दावे को अधिकारी हवा हवाई साबित कर रहे है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कस्बा कर्नलगंज के अन्तर्गत लखनऊ रोड सकरौरा के समीप लगे इंडिया मार्का हैंडपम्प में करीब 2 माह से कचरा निकल रहा है। उक्त संबंध में लोगों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारी व ठेकेदारों की मिलीभगत से हैंडपम्प मानक से कम गहराई पर एवं नाले के समीप लगवाया गया है। जिसके वजह से हैंडपम्प से दूषित पानी युक्त कचरा आने लगा है। स्थानीय लोगों का कहना है कई बार जल निगम तथा संबंधित ठेकेदार को दूरभाष के माध्यम से सूचित किया जा चुका है। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इसी संबंध में मुकेश कुमार वैश्य जिला संयोजक नमामि गंगे प्रकल्प गोण्डा ने जल निगम के अधिकारियों को इस गंभीर समस्या से अवगत कराया है।
उपरोक्त समस्या के संबंध में नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी राजीव रंजन सिंह का कहना है कि हैंडपम्प लगवाने एवं उसकी देखरेख, पेयजल की व्यवस्था करना जलनिगम का कार्य है। ऐसे में अब सवाल यह उठता है कि क्या उक्त समस्या का निराकरण नगरपालिका के जिम्मेदार अधिशाषी अधिकारी के अधिकार क्षेत्र में नहीं है अथवा संबंधित विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों को पत्राचार कर शीघ्र हैंडपंप सही कराकर नगरवासियों को स्वच्छ शीतल पेयजल उपलब्ध कराने का उनका दायित्व नहीं बनता है।