एन.के.मिश्रा
मैगलगंज (लखीमपुर खीरी)। 20 साल तक देश के विभिन्न हिस्सों में भारतीय सेना में देश सेवा करने वाले कस्बा निवासी भारतीय सेना के जवान शिव किशोर गुप्ता शुक्रवार को सेवानिवृत्त होकर अपने गृहजनपद के कस्बा मैगलगंज पहुंचे। कस्बे के लोगो के द्वारा ढोल नगाड़ों के साथ भारतीय जवान का जोरदार स्वागत किया गया।
14 अक्टूबर 2000 को भारतीय सेना ज्वाइन करने के बाद भारत के तमाम हिस्सो में देश की सीमाओं की सुरक्षा में अपनी सेवा प्रदान की। घर आने पर भारतीय सेना के जवान का ढोल नगाड़े व देशप्रेम की धुन पर वंदेमातरम के जयघोष लगा कर स्वागत किया गया। कस्बे के युवाओं के द्वारा भारत माता के जयकारे व फूल गुलाल की बौछार करते हुए जवान को घर तक ले गए। शिव किशोर ने कहा कि सीमा और सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने के बाद अब वे ग्रामीण अंचल के जवान बेरोजगारों को सेना में जाने के लिये प्रेरित करेंगे। सेना भर्ती प्रक्रिया में आवश्यक फिजिकल फिटनेस से लेकर हर वो जानकारी उपलब्ध कराएंगे, जिससे जवानों को भर्ती में आसानी होगी।