महिला कर्मियों ने निकाली सड़क जागरूकता रैली, यातायात नियमों का पालन करने का दिया संदेडीएम-एसपी ने दिखाई हरी झंडी, नगर के प्रमुख मार्गो से होकर गुजरी सड़क जागरूकता रैली
एन.के.मिश्रा
लखीमपुर खीरी । राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के चौथे दिन रविवार को परिवहन विभाग के तत्वावधान में पुलिस लाइन से महिलाओं द्वारा सड़क सुरक्षा रैली निकाली गई। रैली को डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह एसपी विजय ढुल, एएसपी अरुण कुमार सिंह व एआरटीओ प्रवर्तन रमेश कुमार चौबे ने प्रतिभाग करने वाली महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
एआरटीओ (प्रवर्तन) रमेश कुमार चौबे ने कहा कि आज के युग में महिलाओं ने कई प्रकार से साहसिक कार्यों के द्वारा समाज में अपनी अलग पहचान बनायी है। सड़क सुरक्षा रैली के माध्यम से वह अपनी पहचान को और भी आगे बढ़ा रहीं हैं। उन्होंने महिला सशक्तीकरण के बारे में जानकारी दी कि किस प्रकार से महिलाओं को स्वावलम्बी एवं आत्मनिर्भर बनकर आगे बढ़ना है।
सड़क जागरूकता रैली में महिला शिक्षक, महिला पुलिसकर्मी व विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने दो पहिया वाहनों पर सड़क सुरक्षा जागरूकता तख्तियां लेकर शहर के विभिन्न मार्गो से होकर निकली। रैली में पुलिस व यातायात विभाग की दोपहिया वाहन भी शामिल हुए। रैली में प्रतिभाग कर रही महिलाओं ने सड़क सुरक्षा से सम्बन्धित पम्पलेट, लीफलेट जनमानस में वितरित किये।
इस रैली में करीब दोपहिया वाहनों पर सवार 150 महिला कर्मी एवं यातायात कर्मी शामिल हुए। इस मौके पर एआरटीओ प्रवर्तन रमेश कुमार चौबे, यात्री कर एवं माल कर अधिकारी श्री राम कश्यप, यातायात उपनिरीक्षक सूर्यमणि यादव सहित परिवहन एवं यातायात विभाग के अधिकारी कर्मचारी शामिल हुए।