एसपी सिंह / ज्ञान प्रकाश मिश्रा
करनैलगंज,गोण्डा । शुक्रवार को कजरी तीज के मौके पर करनैलगंज के सरयू घाट पर कांवरियों की रोकथाम के लिए भारी संख्या में पुलिस बल लगाया गया। इसके साथ ही घाट को पूरी तरह से सील कर दिया गया था। दूर-दूर तक कांवरिया नजर नहीं आए। यहां तक कि प्रतिदिन सरयू में स्नान करने वाले श्रद्धालु भी दो दिनों से घाट पर स्नान नहीं कर पा रहे हैं।
कोरोना महामारी के चलते शासन द्वारा कजरी तीज मेले पर लगाई गई पाबंदी के मद्देनजर प्रशासन ने सरयू घाट पर जबरदस्त सुरक्षा घेरा बनाया गया। इसके अलावा सुरक्षाकर्मियों की व्यवस्था भी जबरदस्त की गई। गुरुवार की शाम से लेकर शुक्रवार शाम तक घाट पर जबरदस्त सुरक्षा घेरा रहा। बांस बल्ली से पूरे घाट को सील कर दिया गया था और पुलिस क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक भारी संख्या में पुलिस बल के साथ घाट पर ही जमे रहे। इसके अलावा अधिकांश मंदिरों में ताले लगे पाए गए। जहां प्रतिदिन स्नान करके जलाभिषेक करने वाले श्रद्धालु भी जलाभिषेक नहीं कर सके। यही कजरी तीज मेले में करीब 9 लाख से अधिक कांवरियों द्वारा सरयू का पवित्र जल भरकर विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक करने के लिए जाते थे।
भारी संख्या में घाट पर दुकानें लगाई जाती थी। सुरक्षा व्यवस्था में करीब 5 जनपदों की पुलिस और तमाम अधिकारियों पर लगाए जाते थे। वहां सन्नाटे की दस्तक रही और पुलिसकर्मी ही घाट पर आए। यहां तक घाट पर बने शिव मंदिरों को भी नहीं खोला गया और सरयू घाट पूरा सुना पड़ा रहा।